अंकिता हत्याकांड सभ्य समाज के माथे पर कलंक, दोषियों को मिले कड़ी सजा: त्रिवेंद्र सिंह रावत

हरिद्वार से सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अंकिता भंडारी हत्याकांड पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे देवभूमि और सभ्य समाज के लिए एक बड़ा कलंक बताया है। सोमवार को हरिद्वार में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, बल्कि न्याय सर्वोपरि होना चाहिए।सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड अपनी सज्जनता, सादगी और उच्च चारित्रिक मूल्यों के लिए जाना जाता है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, अंकिता जैसी मासूम बच्ची के साथ जो हुआ, वह सुनकर आज भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं। ऐसी घटनाएं हमारे समाज की नैतिकता पर सवाल खड़ी करती हैं और देवभूमि की छवि को गहरा धक्का पहुंचाती हैं।त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अपराधियों का कोई धर्म या दल नहीं होता। उन्होंने मांग की कि इस जघन्य अपराध में संलिप्त दोषियों को ऐसी सख्त सजा दी जानी चाहिए जो समाज में एक नजीर पेश करे। उन्होंने कहा, यह समय पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने का है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में किसी भी बेटी के साथ ऐसा व्यवहार न हो।