बाबा नीम करौली कैची धाम में लगा भयंकर जाम
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल से लगभग 15 किलोमीटर दूर भवाली-अल्मोड़ा मार्ग पर स्थित कैंची धाम, बाबा नीम करौली महाराज के नाम से विश्वभर में प्रसिद्ध है। इन दिनों यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में अचानक भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
सुबह से ही हजारों श्रद्धालु बाबा नीम करौरी महाराज के दर्शन के लिए पहुंचने लगे, जिसके चलते भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। इस कारण न केवल पर्यटकों, बल्कि स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। इसी मार्ग से पहाड़ों की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन भी प्रभावित हुआ, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
मंदिर परिसर में भी दर्शन के लिए लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं को बाबा के दर्शन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम तैनात रही, जो लगातार यातायात व्यवस्था को सुचारू करने में जुटी रही।
स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले दिनों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें।