बागेश्वर में होटल व्यवसायी से रंगदारी मामले में आरोपी गिरफ्तार

बागेश्वर। जिले में होटल व्यवसायी से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गरुड़ निवासी आरोपी गोपाल वनवासी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल बागेश्वर लेकर पहुंची।

जानकारी के अनुसार, होटल व्यवसायी से रंगदारी मांगने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी थी। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले को लेकर जिले में पहले से ही काफी चर्चा बनी हुई थी।

मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब बीते दिन उत्तराखंड हाई कोर्ट के अधिवक्ता दुष्यंत मैनाली ने एसपी बागेश्वर को पत्र लिखकर आरोपी के खिलाफ गुंडा एक्ट लगाने की मांग की। बताया जा रहा है कि एक कथित ऑडियो में आरोपी द्वारा अधिवक्ता का नाम भी लिया गया था, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है। वहीं, गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है और लोग पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।