सोनप्रयाग: चारधाम यात्रा पर भ्रामक वीडियो फैलाने पर सख्त कार्रवाई

सोनप्रयाग: चारधाम यात्रा से जुड़ा भ्रामक और तथ्यहीन वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में उत्तराखंड पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। इस संबंध में थाना सोनप्रयाग में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है और श्रद्धालु व्यवस्थित ढंग से दर्शन कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर फैल रही अप्रमाणित सूचनाएं न केवल लोगों में भ्रम पैदा करती हैं, बल्कि यात्रा व्यवस्थाओं को भी प्रभावित कर सकती हैं।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, 4-5 अन्य संदिग्ध वीडियो की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड पुलिस ने यह भी बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की 24×7 निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अप्रमाणित जानकारी को साझा करने से बचें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

3 2
Copyrights 2025, khabrikaka.com ALL RIGHTS RESERVED. SITE DEVELOPED & MANAGED BY WORLD IT DIMENSIONAL SOLUTIONS