नई टिहरी में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी मैक्स, 8 की मौत, 2 घायल
नई टिहरी: जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चंबा-कोटी कॉलोनी रोड पर नैल के पास उस समय हुआ जब एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।
जानकारी के अनुसार, वाहन में करीब 10 लोग सवार थे, जो एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। दुर्घटना अपराह्न करीब 3:30 बजे हुई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।
सूचना पर थाना चंबा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। खाई से दो घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों की पहचान उत्तम (30) निवासी लोस्तु बड़ियारगढ़ और अंकित (22) निवासी नेलचामी, घनसाली के रूप में हुई है। दोनों का उपचार जिला अस्पताल बौराड़ी में चल रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों को त्वरित और समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा राहत एवं बचाव कार्यों में कोई कमी न रहे। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आशा लाल (40), विजय लाल (36), प्रेम लाल (60), महावीर (60), शिव सिंह (35), सेहत लाल (65) और लक्ष्मण (33) के रूप में हुई है। एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
घायलों के नाम
- उत्तम (30), ग्राम लोस्तु बड़ियारगढ़
- अंकित (22), ग्राम नेलचामी, घनसाली
दोनों घायलों का इलाज जिला अस्पताल बौराड़ी में जारी है।