उत्तराखंड की हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब
देहरादून। उत्तराखंड में ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी घोषणा की है। प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब का गठन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम के दौरान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि होगी दोगुनी
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने की घोषणा भी की। न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक पुरस्कार राशि में वृद्धि की जाएगी।
राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 700 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये किया जाएगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के ओवरऑल विजेता जनपद को मिलने वाली मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी जाएगी।
32 से बढ़ाकर 50 होंगे खेल
मुख्यमंत्री ने खेल प्रतियोगिताओं का दायरा बढ़ाने की भी घोषणा की। वर्तमान में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत 32 खेल आयोजित किए जाते हैं। अब इनकी संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। इनमें उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी विशेष रूप से शामिल किया जाएगा।
पीआरडी जवानों के मानदेय में भी होगी वृद्धि
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि किए जाने की बात कही और बताया कि इस संबंध में जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी।
युवाओं के लिए बनेगा मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र
मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से सटी खाली भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की घोषणा की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए भी बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने तथा नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का आधार है।