उत्तराखंड में फंसे ट्रैकर्स-माउंटेनियर्स की सुरक्षित वापसी के लिए CM धामी ने संभाली कमान
देहरादून/उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में खराब मौसम और बर्फबारी के बीच फंसे ट्रैकर्स और माउंटेनियर्स की सुरक्षित वापसी के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहत एवं बचाव अभियान की कमान संभाल ली है। दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री सीधे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, आईटी पार्क पहुंचे और अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फंसे हुए प्रत्येक ट्रैकर, माउंटेनियर और पोर्टर की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए उपलब्ध सभी संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल करने तथा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
179 ट्रैकर्स-माउंटेनियर्स फंसे होने की जानकारी
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, उत्तराखंड के विभिन्न उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हाई एल्टीट्यूड ट्रैकिंग के दौरान कुल 179 ट्रैकर्स और माउंटेनियर्स के फंसे होने की जानकारी सामने आई थी। इनमें 136 लोग उत्तरकाशी और 43 लोग बागेश्वर के पिंडारी क्षेत्र में बताए गए।
उत्तरकाशी में राहत अभियान के दौरान 40 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। इनमें कालिंदी पास बेस क्षेत्र से 11 और ऑडिन कोल बेस क्षेत्र से 29 सदस्य शामिल हैं।
8 हेलीकॉप्टर और हेली एंबुलेंस स्टैंडबाय
रेस्क्यू अभियान के लिए 8 हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं, जबकि हेली एंबुलेंस को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है। प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, आपदा प्रबंधन तथा अन्य संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ बचाव अभियान में जुटी हैं।
रेस्क्यू किए जा रहे लोगों के लिए हेलीपैड और अन्य सुरक्षित स्थानों पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम, गर्म कपड़े, भोजन और पानी की व्यवस्था की जा रही है।
मौसम बना चुनौती
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बदलता मौसम और बर्फबारी रेस्क्यू टीमों के लिए चुनौती बनी हुई है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों की लोकेशन और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी एजेंसियां आपसी समन्वय से काम करें। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं और ट्रैकर्स की सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है। खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए संबंधित विभागों को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अपडेट: रेस्क्यू अभियान मौसम और परिस्थितियों के अनुसार जारी है। प्रशासन की ओर से अभियान से संबंधित नए अपडेट मिलने पर स्थिति में बदलाव हो सकता है।