राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण को लेकर समिति की बैठक

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण के संबंध में गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई।

बैठक में राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण से संबंधित विभिन्न प्रकरणों पर समिति के सदस्यों ने विस्तार से विचार-विमर्श किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हीकरण से संबंधित सभी प्रकरणों का परीक्षण शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं प्रक्रिया के अनुरूप किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्राप्त प्रकरणों में उपलब्ध अभिलेखों एवं साक्ष्यों का विधिवत परीक्षण करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चिन्हीकरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखने तथा प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने समिति के सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी करने को कहा। बैठक में समिति के सदस्यों ने राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अपने सुझाव एवं विचार भी रखे।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समिति के समक्ष प्रस्तुत सभी प्रकरणों में आवश्यक अभिलेखों की जांच पूरी करते हुए शासन के नियमानुसार प्रक्रिया का पालन किया जाए और प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी डोईवाला अपर्णा ढौंडियाल, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश कुमकुम जोशी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

समिति के सदस्य राज्य आंदोलनकारी ओपी उनियाल, देवी गोदियाल, डीएस गुंसाई, विवेकानंद खंडूड़ी, सरोज डिमरी, उर्मिला, निर्मला बिष्ट, पुष्पलता सिलमाना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के अन्य सदस्य भी बैठक में उपस्थित रहे।