देवप्रयाग के 68 मेधावी विद्यार्थी भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण पर रवाना
देवप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कीर्तिनगर विकासखंड के स्वामी मनमथन प्रेक्षागृह में देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत भ्रमण पर जाने वाले 68 मेधावी विद्यार्थियों के दल से भेंट की। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी यात्रा और तैयारियों की जानकारी ली तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को देश की विविधता, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और विकास को करीब से समझने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अनुभव विद्यार्थियों के ज्ञान को कक्षा की सीमाओं से बाहर ले जाकर उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे भ्रमण के दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं को समझें और वहां की उपलब्धियों से सीख लेकर अपने अनुभवों को अपने साथियों के साथ साझा करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के बड़े और प्रतिष्ठित संस्थानों का भ्रमण विद्यार्थियों को नई संभावनाओं से परिचित कराता है और उनके भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करें विद्यार्थी
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से जीवन में स्पष्ट उद्देश्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुरुजनों और माता-पिता के प्रति सदैव श्रद्धाभाव बनाए रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इतिहास बनाने वाले लोगों ने सामान्य से असामान्य बनने के लिए निरंतर मेहनत और प्रयास किया है। यदि संकल्प दृढ़ हो और प्रयास सच्चे मन से किया जाए तो कोई भी ताकत सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती।
विनोद कंडारी की पहल को सीएम ने सराहा
मुख्यमंत्री ने भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण की पहल के लिए देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लगातार 10 वर्षों तक इस प्रकार के कार्यक्रम का संचालन किया जाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हुई है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हो रहे हैं। इससे दूर-दराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी देश के विभिन्न हिस्सों और प्रतिष्ठित संस्थानों को करीब से देखने और समझने का अवसर मिल रहा है।
विद्यार्थियों के प्रदर्शन में आया सुधार
विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण का आयोजन उनके लिए गर्व और ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों का सीधे मुख्यमंत्री से संवाद करना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विकास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का निरंतर सहयोग मिला है। क्षेत्र की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण की शुरुआत में कई कठिनाइयां सामने आईं, लेकिन आज इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहे हैं। इस पहल से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हुई है और बच्चे बेहतर अंक हासिल करने के लिए मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई विद्यार्थी अब 96 प्रतिशत तक अंक प्राप्त कर रहे हैं।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख कीर्तिनगर अंचला खण्डेलवाल, प्रमुख देवप्रयाग विनोद बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्तिनगर राकेश मोहन मैठाणी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।