80वां स्वतंत्रता दिवस: पहली बार औपचारिक रूप से गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’
नई दिल्ली। देश आज 15 अगस्त 2026 को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह लाल किले की प्राचीर पर आयोजित किया जा रहा है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री का यह लाल किले से लगातार 13वां स्वतंत्रता दिवस संबोधन होगा।
इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस समारोह कई मायनों में खास है। आयोजन में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाया जा रहा है। पहली बार लाल किले के राष्ट्रीय समारोह में ‘वंदे मातरम्’ का औपचारिक गायन किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम में देश की युवा शक्ति और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका को प्रमुखता दी जा रही है।
गार्ड ऑफ ऑनर के बाद फहराया जाएगा तिरंगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले पहुंचने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वरिष्ठ अधिकारी उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री संयुक्त गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करेंगे। इसमें भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना और दिल्ली पुलिस के जवान शामिल होंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर पर पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। तिरंगा फहराए जाने के साथ 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। इसके बाद भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों द्वारा पुष्पवर्षा की जाएगी और प्रधानमंत्री देश को संबोधित करेंगे।
युवाओं पर रहेगा खास फोकस
इस साल के समारोह में ‘युवा शक्ति’ को विशेष स्थान दिया गया है। कार्यक्रम का संदेश युवाओं की ऊर्जा, आकांक्षाओं और उनकी भागीदारी को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ने पर केंद्रित है। केंद्र सरकार के अनुसार इस वर्ष के आयोजन का व्यापक फोकस ‘Yuva Shakti for Viksit Bharat@2047’ पर है।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद करीब 2,500 एनसीसी कैडेट और ‘माई भारत’ के वालंटियर ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान की प्रस्तुति देंगे।
लाल किले की सुरक्षा में AI कैमरों का इस्तेमाल
स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। लाल किले और आसपास के क्षेत्रों में 1,000 से अधिक AI आधारित CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की लाइव फीड को कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटर किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल भी की है।
लाल किले के आसपास लोगों और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिसकर्मियों की तैनाती सुबह तड़के से ही शुरू कर दी गई थी।
दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने स्वतंत्रता दिवस के दिन दिल्ली में बादल छाए रहने और कुछ समय के लिए हल्की बारिश की संभावना जताई है। लाल किले के आसपास सुबह के समय बारिश की संभावना के साथ दिन में अधिकतम तापमान करीब 32 से 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
PM मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अनगिनत सेनानियों को नमन करते हुए उनके साहस, बलिदान और देश के प्रति समर्पण को याद किया और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को दोहराया।
देशभर की नजर अब लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस संबोधन पर है। इस दौरान सरकार की उपलब्धियों, भविष्य की प्राथमिकताओं और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर प्रधानमंत्री के संदेश पर विशेष ध्यान रहेगा।