जोशीमठ में बड़ा हादसा: तमक गदेरे में अचानक आई बाढ़ से बेली ब्रिज बहा, चालक लापता

जोशीमठ। ज्योर्तिमठ-मलारी मोटर मार्ग पर सोमवार शाम करीब पौने छह बजे तमक गदेरे में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। बाढ़ के तेज बहाव में नवनिर्मित बेली ब्रिज तिनके की तरह बह गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तमक गदेरे में अचानक आई बाढ़ की वजह बादल फटना बताई जा रही है।

हादसे के दौरान पुल के बहने के साथ ही GREIF का स्कॉर्पियो वाहन संख्या 24 BE 16058, बोलेरो कैंपर संख्या 23 B 15947 और एक जेसीबी भी प्रभावित हुए। इस दौरान स्कॉर्पियो चालक NK पंकज कुमार बाढ़ के तेज बहाव में बह गए। उनकी तलाश में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। स्कॉर्पियो वाहन को सुरक्षित स्थान पर कर दिया गया है।

SDRF और NDRF की टीमें मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही चमोली पुलिस, SDRF एवं NDRF की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचने के बाद टीमों ने लापता चालक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

हालांकि, घटनास्थल पर लगातार हो रही भारी बारिश और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयां आ रही हैं। परिस्थितियों को देखते हुए रेस्क्यू कार्य को सुरक्षित तरीके से संचालित किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, सुबह पुनः व्यापक स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाएगा।

सुरईथोटा से तमक की ओर आवाजाही बंद

सुरक्षा की दृष्टि से सुरईथोटा से तमक की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। वहीं धौलीगंगा नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क करते हुए सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए सूचित किया जा रहा है।

जल विद्युत परियोजनाओं में कार्यरत संबंधित कंपनियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

लापता चालक की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है। प्रशासन और राहत-बचाव टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।