सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी का एसजीआरआर सहसपुर में भव्य स्वागत
देहरादून: उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को श्री गुरु राम राय इंटरनेशनल स्कूल, सहसपुर पहुँचे। विद्यालय परिवार ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ, पुष्पवर्षा और गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री के आगमन से विद्यालय के विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन द्वारा शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री गुरु राम राय संस्थान शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है तथा समाज के सभी वर्गों की सेवा के लिए निरंतर कार्यरत है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार जन-जन तक पहुँचकर सेवा करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्थान गरीब, पिछड़े एवं सभी वर्गों के विद्यार्थियों को प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च एवं मेडिकल शिक्षा तक गुणवत्तापूर्ण अवसर उपलब्ध करा रहा है, साथ ही उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएँ भी प्रदान कर रहा है।
विद्यालय के अनुशासित एवं आत्मविश्वासी विद्यार्थियों से प्रभावित मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ भी दीं।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, क्षेत्रीय विधायक सहदेव पुंडीर, दायित्वधारी रोहिला, पुनीत मित्तल तथा मुख्यमंत्री के सचिव बंशीधर तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सहाना रहमान ने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा श्री दरबार साहिब का स्मृति-चिह्न भेंट किया। उन्होंने श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी भी साझा की।
क्षेत्रीय विधायक सहदेव पुंडीर ने कहा कि श्री गुरु राम राय इंटरनेशनल स्कूल, सहसपुर क्षेत्र का प्रमुख अंग्रेजी माध्यम विद्यालय है, जहाँ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय के नवीन भवन, आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अत्याधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं की सराहना की। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके आगमन को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायी बताया।