मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर महिला को शाम तक मिली सिलाई मशीन

देहरादून, 12 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली में जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना प्राथमिकता में शामिल है। इसका एक उदाहरण शनिवार को सहसपुर में आयोजित सेवा, सुशासन एवं समर्पण – ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर में देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री के निर्देश पर एक महिला को कुछ ही घंटों के भीतर सिलाई मशीन उपलब्ध करा दी गई।

शिविर के दौरान स्थानीय निवासी श्रीमती बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि वह जूट बैग बनाकर स्वरोजगार के माध्यम से अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करना चाहती हैं, लेकिन सिलाई मशीन के अभाव में उनका काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिला की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को सिलाई मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही प्रशासनिक तंत्र सक्रिय हो गया। मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्देशों के त्वरित क्रियान्वयन की निगरानी की। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप उसी दिन शाम तक श्रीमती बबली गुप्ता को सिलाई मशीन उपलब्ध करा दी गई।

मुख्यमंत्री कार्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे बंशीधर तिवारी की कार्यशैली त्वरित निर्णय, प्रभावी समन्वय और जनहित के मामलों में समयबद्ध कार्रवाई के लिए जानी जाती है। इस मामले में भी उन्होंने मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए जरूरतमंद महिला तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सुबह रखी गई फरियाद का शाम तक समाधान मुख्यमंत्री धामी की त्वरित निर्णय क्षमता, संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण और परिणाम आधारित कार्यशैली को दर्शाता है। साथ ही यह भी स्पष्ट करता है कि मुख्यमंत्री के निर्देशों को धरातल पर उतारने के लिए प्रशासनिक टीम भी पूरी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

सिलाई मशीन मिलने के बाद श्रीमती बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की त्वरित पहल से उनके स्वरोजगार के सपने को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि अब वह जूट बैग निर्माण का कार्य शुरू कर अपने परिवार की आजीविका को मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।