केसी वेणुगोपाल ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के दिए निर्देश
देहरादून: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के साथ ही प्रदेश कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज कर दिया है। देहरादून में आयोजित बैठकों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, गुटबाजी समाप्त कर एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरने और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
राजपुर रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने पर केसी वेणुगोपाल का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों, पुष्पगुच्छों और नारों के साथ स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने जिला एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठक कर संगठन की स्थिति, राजनीतिक गतिविधियों और जिलावार तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में प्रत्येक जिले की चुनौतियों, संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियानों पर विस्तार से चर्चा की गई। वेणुगोपाल ने संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में बनी चुनावी रणनीति
दौरे के दौरान केसी वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस की नवगठित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में संगठन को गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और भाजपा सरकार के खिलाफ जनआंदोलन की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ।
फ्रंटल संगठनों को जनता के बीच सक्रिय रहने के निर्देश
वेणुगोपाल ने कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों के साथ भी समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है और सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर पार्टी हित में कार्य करना चाहिए।
उन्होंने युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल और अन्य संगठनों को युवाओं, महिलाओं और नए मतदाताओं के बीच सक्रिय अभियान चलाने तथा भाजपा सरकार की नीतियों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से उठाने के निर्देश दिए।
गणेश गोदियाल बोले— राष्ट्रीय नेतृत्व के दौरे से कार्यकर्ताओं में बढ़ा उत्साह
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह लेकर आया है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठनात्मक मजबूती, समन्वित रणनीति और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के बल पर कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करेगी।
बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा एवं मनोज यादव, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह, गोविंद सिंह कुंजवाल, प्रदीप टम्टा, करण माहरा, तिलक राज बेहड़, मदन बिष्ट, विक्रम नेगी सहित प्रदेश और जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठकों में हरीश रावत की गैरमौजूदगी रही चर्चा का विषय
केसी वेणुगोपाल की बैठकों के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सार्वजनिक रूप से जारी की गई बैठक की तस्वीरों में नजर नहीं आए, जिसके बाद उनकी गैरमौजूदगी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गईं।
हालांकि कांग्रेस की ओर से उनकी अनुपस्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार हरीश रावत इन दिनों दिल्ली में हैं और हाल ही में स्वास्थ्य जांच के लिए बेंगलुरु एवं मेदांता अस्पताल भी गए थे। इस बीच वह सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार सक्रिय बने हुए हैं।
केसी वेणुगोपाल 10 जुलाई को भी देहरादून में पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।