चारधाम परियोजना की समीक्षा: एक सप्ताह में एनएचआईडीसीएल को सौंपें अधिग्रहित भूमि
देहरादून: चारधाम परियोजना के पैकेज-2 एवं पैकेज-3 के कार्यों में तेजी लाने के लिए प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री रमेश कुमार सुधांशु की अध्यक्षता में सचिवालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) द्वारा भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण, सीएएलए स्तर पर लंबित प्रकरणों, मध्यस्थता वादों, स्वामित्व विवादों तथा अन्य संबंधित मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई।
एक सप्ताह में भूमि सौंपने के निर्देश
बैठक के दौरान प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांशु ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पैकेज-2 एवं पैकेज-3 के अंतर्गत लंबित भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तत्काल पूरी की जाए और संबंधित भूमि का कब्जा अधिकतम एक सप्ताह के भीतर एनएचआईडीसीएल को सौंप दिया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर
समीक्षा बैठक में लंबित मुआवजा वितरण, मध्यस्थता वादों और स्वामित्व विवादों का जल्द समाधान करने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि चारधाम परियोजना के निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की बाधा या देरी न आए।
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज कुमार पाण्डेय, अपर सचिव विनीत कुमार, कल्याणी, मीनाक्षी जोशी, अपर प्रमुख वन संरक्षक एवं वन भूमि हस्तांतरण के नोडल अधिकारी, चमोली के अपर जिलाधिकारी तथा एनएचआईडीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।