देहरादून में तीन अवैध निर्माण सील, अभियान रहेगा जारी

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शनिवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर अवैध आवासीय एवं व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया। एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र अथवा नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एमडीडीए की टीम ने सबसे पहले दोहरण रोड स्थित आईटी पार्क के निकट पुनीत अग्रवाल द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण पर कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के बिना संचालित पाया गया, जिसके बाद नियमानुसार भवन को सील कर दिया गया।

इसके बाद जमन्नीवाला सिंगली रोड क्षेत्र में अरुण कुमार गुप्ता द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण पर कार्रवाई की गई। निरीक्षण में निर्माण नियमों के विपरीत पाए जाने पर प्राधिकरण ने भवन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। अधिकारियों ने निर्माणकर्ता को बिना अनुमति निर्माण न करने की चेतावनी भी दी।

तीसरी कार्रवाई पंडितवाड़ी स्थित कैलाश पाम सिटी सोसायटी में की गई, जहां राकेश सुरी द्वारा निर्मित बेसमेंट एवं ग्राउंड फ्लोर को स्वीकृत मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर सील कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान संबंधित अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहे। दोहरण रोड और जमन्नीवाला में सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत, अवर अभियंता विदिता और सुपरवाइजरी टीम ने कार्रवाई की, जबकि कैलाश पाम सिटी में सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता अभिजीत, सुपरवाइजर तथा पुलिस बल की मौजूदगी में सीलिंग की कार्रवाई की गई।

एमडीडीए ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। बिना स्वीकृति के बनाए जा रहे या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माणों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्राधिकरण का उद्देश्य सुनियोजित शहरी विकास सुनिश्चित करना और अनियंत्रित निर्माण पर प्रभावी रोक लगाना है।

अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होंगे: बंशीधर तिवारी

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि विकास प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने और निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां सीलिंग, ध्वस्तीकरण और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

निर्माण से पहले अनुमति लेना जरूरी: मोहन सिंह बर्निया

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमित निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान जारी है। बिना स्वीकृत मानचित्र या नियमों के विपरीत किए गए निर्माणों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले आवश्यक अनुमतियां अवश्य प्राप्त करें।