कर्णप्रयाग पार्किंग विवाद: गिरफ्तार निहंगों को मिली जमानत, जांच जारी
कर्णप्रयाग। हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान कर्णप्रयाग में हुए पार्किंग विवाद के मामले में गिरफ्तार किए गए निहंगों को शनिवार को न्यायालय से जमानत मिल गई। मामले की आगे की सुनवाई और कानूनी प्रक्रिया न्यायालय में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जारी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत पंवार ने बताया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि 16 जून को हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान कर्णप्रयाग क्षेत्र में वाहन पार्किंग को लेकर स्थानीय लोगों और कुछ श्रद्धालुओं के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया था। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए थे, जिसके बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात पर नियंत्रण पाया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य प्रमाणों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार किया था। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध निष्पक्ष और समान रूप से कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही नगरासू गुरुद्वारा से जुड़े प्रकरण का भी शांतिपूर्ण समाधान किया गया तथा यह सुनिश्चित किया गया कि हेमकुंड साहिब यात्रा और अन्य धार्मिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित होती रहें।