देहरादून में जनजातीय महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन
देहरादून में आयोजित उत्तराखंड राज्य जनजातीय महोत्सव 2026 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग कर जनजातीय समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सराहा। परेड ग्राउंड में राज्य जनजातीय अनुसंधान संस्थान द्वारा आयोजित इस महोत्सव में देश के 12 राज्यों से आए जनजातीय प्रतिनिधियों ने अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वरूप दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय थारू लोकगायिका रिंकू देवी राणा और श्री दर्शन लाल को ‘आदि गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया। साथ ही समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ‘वन क्लिक’ प्रणाली के माध्यम से ₹14,272.185 लाख की पेंशन राशि लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की जीवंत परंपराओं, सरल जीवनशैली और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय भारत की सांस्कृतिक विविधता और प्राचीन परंपराओं की मजबूत नींव हैं और प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर सतत विकास का मार्ग दिखाते हैं।
उन्होंने जनजातीय परंपराओं, पारंपरिक ज्ञान और स्थानीय उत्पादों के संरक्षण पर जोर देते हुए इन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समुदायों के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की गई हैं, जिनसे शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर सृजित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में जनजातीय कल्याण के लिए बजट में तीन गुना वृद्धि की गई है और सीमांत क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। राज्य के 128 जनजातीय गांवों को समग्र विकास के लिए चिन्हित किया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय संचालित हैं, जबकि चकराता और बाजपुर में नए विद्यालयों का निर्माण जारी है। जनजातीय युवाओं के लिए आईटीआई, प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग और छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
इसके अलावा देहरादून में ‘आदि लक्ष्य संस्थान’ की स्थापना की जा रही है, जहां युवाओं को यूपीएससी, पीसीएस जैसी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और जनता के सहयोग से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा।