गदरपुर में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, बिजली चोरी करने वालों पर सख्त शिकंजा
गदरपुर क्षेत्र में बिजली विभाग और विजिलेंस टीम की संयुक्त छापेमारी से हड़कंप मच गया। जाफरपुर और लंबाखेड़ा गांवों में बकायेदारों और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान उधम सिंह नगर के अधिशासी अभियंता उमाकांत चतुर्वेदी ने बताया कि बकायेदारों को तत्काल बिल जमा करने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं बिना मीटर के बिजली उपयोग कर रहे लोगों को स्मार्ट मीटर लगवाने के लिए कहा गया है।
छापेमारी के दौरान बिजली चोरी करते पाए गए लोगों के मौके पर ही कनेक्शन काट दिए गए और अवैध तार जब्त कर लिए गए। विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि बिजली चोरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है और कई उपभोक्ता अपने बकाया बिल जमा कराने के लिए आगे आ रहे हैं।