हरिद्वार में चार धाम यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की तैयारी तेज
हरिद्वार। चार धाम यात्रा को लेकर पर्यटन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में विशेष रजिस्ट्रेशन केंद्र स्थापित किया जा रहा है।
पर्यटन विभाग द्वारा यहां एक बड़ा पंडाल लगाया जा रहा है, जिसमें पिछले वर्ष की तरह 20 काउंटरों पर ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिलाओं और विदेशी नागरिकों के लिए अलग से काउंटर भी बनाए जा रहे हैं।
रजिस्ट्रेशन सेंटर पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही पीने के पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी प्रबंध किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला पर्यटन अधिकारी के अनुसार, 10 अप्रैल तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। इसके बाद 17 अप्रैल से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
चार धाम यात्रा के मद्देनजर हरिद्वार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने इस बार बेहतर व्यवस्थाओं का दावा किया है, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिल सके।