डालनवाला गोलीकांड: आईजी गढ़वाल ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश

जनपद देहरादून के थाना डालनवाला क्षेत्र में घटित गोलीकांड की गंभीर घटना के संबंध में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गढ़वाल परिक्षेत्र,  राजीव स्वरूप ने आज घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घटनास्थल की परिस्थितियों, उपलब्ध भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों तथा अब तक की गई पुलिस कार्यवाही की गहन समीक्षा की।

आईजी गढ़वाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून को निर्देश दिए कि घटना में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र पहचान सुनिश्चित करते हुए विशेष टीमों का गठन किया जाए। साथ ही गिरफ्तारी के लिए सभी आवश्यक विधिक, तकनीकी एवं सर्विलांस संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों को अतिशीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाए।

कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए परिक्षेत्रीय कार्यालय में जनपद देहरादून के समस्त क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के साथ एक गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में हाल के दिनों में जनपद में घटित आपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए त्वरित अनावरण एवं प्रभावी रोकथाम के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

आईजी गढ़वाल के प्रमुख निर्देश

  • सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमणशील रहेंगे तथा पुलिस बल की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे।

  • थाना एवं चौकी प्रभारियों को नियमित ब्रीफिंग देकर कानून व्यवस्था के प्रति सजग बनाए रखा जाए।

  • विवादित एवं संवेदनशील मामलों का प्राथमिकता पर निस्तारण क्षेत्राधिकारी के निकट पर्यवेक्षण में कराया जाए।

  • संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ हेतु नियमित एवं आकस्मिक (रैंडम) चेकिंग अभियान चलाए जाएं।

  • आपसी रंजिश, भूमि विवाद एवं अन्य संवेदनशील मामलों में समय रहते निरोधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

  • सोशल मीडिया पर प्रकाश में आने वाले मामलों में तत्काल संज्ञान लेकर वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए।

  • बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का समय-समय पर निरीक्षण किया जाए।

  • विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर सुरक्षा एवं साइबर अपराध संबंधी जानकारी दी जाए।

जवाबदेही होगी तय

आईजी गढ़वाल ने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी क्षेत्र में इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी के साथ-साथ संबंधित क्षेत्राधिकारी की जवाबदेही भी निर्धारित की जाएगी।

उन्होंने सभी अधिकारियों को कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, आमजन में सुरक्षा की भावना स्थापित करने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु पूर्ण सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।