हरिद्वार में नए साल के अवसर पर गंगा आरती

साल 2026 का आगाज़ हो चुका है और देशभर में लोग अपने-अपने अंदाज़ में नए साल का जश्न मना रहे हैं। लेकिन धर्मनगरी हरिद्वार में नए साल का स्वागत बेहद आध्यात्मिक और भव्य तरीके से किया गया।हरिद्वार वैश्य एकता परिषद और अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की ओर से महाराजा अग्रसेन घाट पर एक विशाल गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। यहाँ आस्था और उत्साह का एक अनूठा संगम देखने को मिला, जहाँ सैकड़ों लोगों ने एक साथ माँ गंगा की आराधना कर विश्व कल्याण की कामना की।
हरिद्वार के महाराजा अग्रसेन घाट पर शाम का नज़ारा किसी उत्सव से कम नहीं था। मंत्रोच्चार की गूँज और हाथों में जलते दीयों के साथ वैश्य समाज के सैकड़ों लोगों ने नए साल की पहली शाम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ गंगा के दुग्धाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुई।
इस मौके पर पूर्व भाजपा विधायक संजय गुप्ता और वैश्य एकता परिषद के अध्यक्ष पराग गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति के अनुरूप साल की शुरुआत मां गंगा के आशीर्वाद से करना सौभाग्य की बात है। इस महाआरती में पूर्व मेयर मनोज गर्ग, प्रदीप चौधरी समेत समाज के सैंकड़ों लोग परिवार के साथ शामिल हुए और देश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।