भिकियासैंण के जैनल तिराहे पर पिकअप वाहन से दो अज्ञात शव बरामद, क्षेत्र में सनसनी

भिकियासैंण - अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण विकासखंड अंतर्गत जैनल तिराहे पर सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पिकअप वाहन से दो अज्ञात व्यक्तियों के शव बरामद हुए। पिकअप वाहन संख्या UP20 CT 0048 में दोनों व्यक्ति केबिन के अंदर बेहोशी की हालत में मिले।
स्थानीय ग्रामीणों ने  पुलिस को सूचना  दी। सूचना मिलते ही भिकियासैंण चौकी प्रभारी संजय जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को पिकअप से बाहर निकालकर एंबुलेंस की सहायता से स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।  पिकअप वाहन से एक कटा गेहूं, करीब 40 हजार रुपये नगद तथा एक पैटोमैक्स बरामद हुआ है। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। चौकी प्रभारी संजय जोशी ने बताया कि दोनों व्यक्ति पिकअप के केबिन में बेहोशी की अवस्था में मिले थे। मामले की गहन जांच की जा रही है और मृतकों के परिजनों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।