देहरादून की समीक्षा बरवड़ ने “भारत का संविधान” क्विज के राष्ट्रीय फाइनल में स्थान हासिल किया

नई दिल्ली। दिल्ली पब्लिक स्कूल, देहरादून की छात्रा समीक्षा बरवड़ ने “भारत का संविधान” विषय पर आयोजित चौथे विश्वरूप ओलंपियाड/क्विज के अंतिम राष्ट्रीय स्तर में अखिल भारतीय तीसरा स्थान हासिल कर देहरादून और अपने विद्यालय का नाम रोशन किया है।
यह राष्ट्रीय फाइनल 18 जनवरी  को श्रीराम मॉडल स्कूल, फरीदाबाद में आयोजित हुआ, जिसमें देशभर से तीन लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए समीक्षा को प्रमाण पत्र, पदक तथा 21,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इससे पूर्व समीक्षा ने इस प्रतियोगिता के विद्यालय स्तर और राज्य स्तर पर भी प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय फाइनल में प्रवेश किया था।


झुंझुनूं से देहरादून तक: प्रतिभा, संस्कार और परिवार का सहयोग


मूल रूप से राजस्थान के झुंझुनूं जिले की निवासी समीक्षा वर्तमान में अपने परिवार के साथ देहरादून में रहती हैं। अपनी सफलता का श्रेय देते हुए समीक्षा ने कहा कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उनके पिता का निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग तथा माता का उत्साहवर्धन उनके लिए प्रेरणास्रोत रहा।


विश्वरूप ओलंपियाड/क्विज कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाती है, जिसका उद्देश्य छात्रों में संवैधानिक जागरूकता विकसित करना है।

प्रतियोगिता में प्रस्तावना (प्रीएम्बल), राष्ट्रीय प्रतीक, तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व, गरिमा, सत्य और मानवता जैसे मूल संवैधानिक मूल्यों पर विशेष जोर दिया जाता है। इसमें मूल हस्तलिखित संविधान में अंकित कलात्मक चित्रण और प्रतीकों को भी आधार बनाया जाता है।

समीक्षा ने कहा कि इस प्रतियोगिता ने उन्हें संविधान में अंकित मूल चित्रों और प्रतीकों को समझने का अवसर दिया, जिससे ऐतिहासिक संवैधानिक सिद्धांतों और आधुनिक भारतीय नागरिक मूल्यों के बीच बेहतर समझ विकसित हुई।