केदारनाथ धाम में भालू का आतंक, दुकान का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा भालू
केदारनाथ धाम में भले ही इस समय बर्फबारी नहीं हो रही हो, लेकिन क्षेत्र में भालुओं का आतंक लगातार बना हुआ है। धाम सहित पैदल यात्रा मार्ग पर भालुओं की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
पैदल यात्रा मार्ग के लिंचोली क्षेत्र में एक भालू द्वारा दुकान का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने का मामला सामने आया है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भालू पहले दरवाजा तोड़ता है और फिर दुकान के अंदर घुस जाता है।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार भालू काफी देर तक दुकान के अंदर घूमता रहा। इसके बाद वह बाहर निकलता है और फिर दोबारा दुकान में घुस जाता है। इस दौरान दुकान में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कपाट बंद होने के बाद अक्सर केदारनाथ धाम और पैदल यात्रा मार्ग पर भालू सक्रिय हो जाते हैं। भालू दुकानों और घरों के दरवाजे तोड़कर भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे व्यापारियों को आर्थिक क्षति के साथ-साथ जान-माल का खतरा भी बना हुआ है।
प्रशासन और वन विभाग से क्षेत्रवासियों ने भालू की बढ़ती गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।