बरसात से पहले सुरक्षा कार्यों में तेज़ी लाएं: हल्द्वानी में सांसद अजय भट्ट का स्थलीय निरीक्षण
सांसद अजय भट्ट ने हल्द्वानी पहुंचकर गौला पुल, एप्रोच रोड और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। पिछले वर्ष भारी बरसात से क्षतिग्रस्त हुए इन स्थलों की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए सांसद भट्ट ने बताया कि गौला नदी किनारे स्थित पुल को जोड़ने वाले एप्रोच रोड, गौलापुल और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की सुरक्षा और पुनर्निर्माण कार्यों पर करीब एक अरब रुपये की लागत से कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि आगामी मानसून को देखते हुए सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों में बड़े-बड़े बोल्डर लगाने के निर्देश दिए, ताकि नदी के तेज बहाव से होने वाले कटाव और संभावित क्षति को रोका जा सके। सिंचाई विभाग को स्टेडियम के सुरक्षा कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, जबकि एनएचएआई को गौलापुल से जुड़े निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने का आदेश दिया गया।
सांसद भट्ट ने स्पष्ट किया कि यह केवल बरसात पूर्व की तैयारी नहीं है, बल्कि मानसून के बाद भी सुरक्षात्मक कार्य जारी रहेंगे, ताकि भविष्य में स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने विभागीय समन्वय पर ज़ोर देते हुए कहा कि जब तक सभी विभाग मिलकर काम नहीं करेंगे, तब तक तीव्र गति से सुरक्षा कार्य संभव नहीं है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और जिला प्रशासन समेत सभी संबंधित विभागों को संवेदनशीलता और गुणवत्ता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के अंत में सांसद ने कहा, “जनता की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है। केंद्र और राज्य सरकार इस दिशा में पूरी तरह से गंभीर है। आवश्यक संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।”