सोमेश्वर में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली, गणेश गोदियाल ने सरकार पर साधा निशाना

सोमेश्वर (अल्मोड़ा): कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सोमेश्वर में आयोजित जन आक्रोश रैली में प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से हो रहे नुकसान, युवाओं को रोजगार न मिलने, महिला हिंसा और महिला सुरक्षा के मुद्दों पर सरकार को पूरी तरह असफल बताया।

गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकारी सस्ते गल्ले की व्यवस्था को 5 किलो राशन तक सीमित कर खराब कर दिया गया है। साथ ही उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी आरोपियों को बचाने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कुमाऊं मंडल में शराब की 55 नई दुकानें खोलने और गांव-गांव शराब पहुंचाने के फैसले की भी आलोचना की।

रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गणेश गोदियाल का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने एक कैबिनेट मंत्री के पति के उस बयान की निंदा की, जिसमें युवाओं के लिए दूसरे राज्यों से 20-25 हजार रुपये में शादी के लिए लड़कियां लाने की बात कही गई थी।

गोदियाल ने कहा कि इस मामले में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने उनके खिलाफ नोटिस भेजने की बात कही थी, लेकिन कई महीने बीतने के बावजूद उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला है।

 अन्य वक्ताओं के संबोधन

जनसभा को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन मेहरा, जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, ब्लॉक अध्यक्ष राजू भट्ट, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश जोशी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने की, जबकि संचालन भुवन दोसाद और रंजीत नयाल ने किया।

1 9 3
Copyrights 2025, khabrikaka.com ALL RIGHTS RESERVED. SITE DEVELOPED & MANAGED BY WORLD IT DIMENSIONAL SOLUTIONS