व्यावसायिक महाविद्यालय में किया शौर्य दीवार का अनावरण

Paithani। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री Dhan Singh Rawat ने कहा कि राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी को राज्य में व्यावसायिक शिक्षा का बड़ा केंद्र बनाया जाएगा। इसके तहत महाविद्यालय में चरणबद्ध तरीके से आधुनिक एवं उद्योगों की मांग आधारित रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।

महाविद्यालय में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पैठाणी में राज्य का पहला व्यावसायिक महाविद्यालय स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यहां उद्योगों और बाजार की मांग के अनुरूप नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिससे युवा आत्मनिर्भर बन सकेंगे।

उन्होंने घोषणा की कि अगले शैक्षिक सत्र से महाविद्यालय में बीटेक, बीएड, एमबीए और एमसीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम प्रारम्भ किए जाएंगे। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

डॉ. रावत ने बताया कि महाविद्यालय को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। यहां विभिन्न प्रयोगशालाओं के साथ छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा आधुनिक ऑडिटोरियम और प्राचार्य आवास का निर्माण भी पूरा हो चुका है। उन्होंने कॉलेज परिसर में ओपन जिम, प्रतीक्षालय और विभिन्न वाद्य यंत्र उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने महाविद्यालय परिसर में निर्मित “शौर्य दीवार” का अनावरण और पेयजल टंकी का लोकार्पण किया। साथ ही महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘बनास’ एवं रसायन विज्ञान पुस्तक का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

इस मौके पर संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. ए.एस. उनियाल, प्राचार्य डॉ. विजय अग्रवाल, यूसीएफ अध्यक्ष मातवर सिंह रावत, भाजपा नेता राजेन्द्र टम्टा, जिला पंचायत सदस्य डॉ. शिवचरण नौडियाल सहित शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

इसके बाद कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने विधानसभा क्षेत्र Srinagar के अंतर्गत पैठाणी एवं आसपास के गांवों का दौरा कर ग्रामीणों, व्यापारियों और युवाओं से संवाद किया तथा क्षेत्रीय विकास को लेकर सुझाव लिए।

उन्होंने ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक कर सामाजिक एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर चर्चा की और नशा एवं अपराध मुक्त समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इसके अलावा मंत्री ने पैठाणी स्थित Rahu Temple परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

3 5
Copyrights 2025, khabrikaka.com ALL RIGHTS RESERVED. SITE DEVELOPED & MANAGED BY WORLD IT DIMENSIONAL SOLUTIONS