शहरी विकास विभाग की गेम चेंजर योजनाओं की समीक्षा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को शहरी विकास विभाग की गेम चेंजर योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य के सभी नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए इसमें जनसहभागिता भी सुनिश्चित की जाए।
स्वच्छता सर्वेक्षण में अच्छा प्रदर्शन करने वाले नगर निकायों को प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता के साथ-साथ स्ट्रीट लाइट, सीवर लाइन, पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, ई-वेस्ट निस्तारण और अन्य नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

नगर निकायों के राजस्व बढ़ाने के लिए नवाचार को भी बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने नए पार्कों के निर्माण के साथ पुराने पार्कों के सौंदर्यीकरण और बेहतर रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही 90 प्रतिशत केंद्रीय सहायता वाली योजनाओं पर प्राथमिकता से काम करने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव शहरी विकास नितेश झा ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न शहरों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त देवभूमि रजत जयंती पार्क विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें योग, वॉक और ओपन जिम की सुविधाएं होंगी। ये पार्क 9 नवंबर 2026 तक बनकर तैयार हो जाएंगे। नगर क्षेत्रों में प्रतिवर्ष 50 लाख लीटर वर्षा जल संग्रहण की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
राज्य के सभी 11 नगर निगमों में केंद्रीयकृत नियंत्रण और प्रबंधन प्रणाली के जरिए स्ट्रीट लाइट का प्रबंधन किया जाएगा।

बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव श्रीधर बाबू अदांकी, अपर सचिव गौरव कुमार, सीपीपीजीजी के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज पंत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

8 3 4
Copyrights 2025, khabrikaka.com ALL RIGHTS RESERVED. SITE DEVELOPED & MANAGED BY WORLD IT DIMENSIONAL SOLUTIONS