उत्तराखण्ड़ राज्य से नैनीताल निवासी रौतेला दंपति को गणतंत्र दिवस पर्व पर किया जायेगा सम्मानित


नैनीताल। ।  सरोवर नगरी नैनीताल निवासी मंजू रौतेला व उनके पति दीवान सिंह रौतेला को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जायेगा।  इस अवसर पर रौतेला दम्पति को हर जगह से बधाइयां दी जा रही है। इससे उत्तराखंड राज्य का नाम ही नही जनपद नैनीताल के सरोवर नगरी का भी नाम रोशन हुआ है।

इस बार गणतंत्र दिवस परेड (आरडीपी) में पहली बार उत्तराखंड राज्य के जनपद  नैनीताल के रौतेला दंपति को सम्मानित किया जाएगा।

 उन्हें यह सम्मान भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय की ओर से भेजे गए पत्र के माध्यम से प्राप्त हुआ है।

मंत्रालय आयुक्त (हस्तशिल्प) के कार्यालय नई दिल्ली के सहायक निदेशक (कल्याण) प्रद्युमन पांडेय द्वारा जारी सूची में नैनीताल की राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता हस्तशिल्प कारीगर मंजू रौतेला और उनके पति दीवान सिंह रौतेला का नाम विशेष रूप से शामिल किया गया है।

मंजू रौतेला ने बताया कि उत्तराखंड से केवल उन्हीं को इस सम्मान के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि उन्हें वर्ष 2011 में राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था, और इसके बाद वर्ष 2013 में उत्तराखंड राज्य शिल्प रत्न पुरस्कार तथा वर्ष 2014 में उत्तराखंड शिल्प उद्यमी पुरस्कार से नवाजा गया था।

इसके अतिरिक्त, वर्ष 2014 में ही भारत सरकार ने मंजू रौतेला को एक सप्ताह के लिए सिंगापुर भेजने का अवसर भी प्रदान किया था। यह सम्मान उनके उत्कृष्ट हस्तशिल्प कार्य के लिए है, जो राज्य और देशभर में पहचाना जाता है।

4 9
Copyrights 2025, khabrikaka.com ALL RIGHTS RESERVED. SITE DEVELOPED & MANAGED BY WORLD IT DIMENSIONAL SOLUTIONS