प्रदेशभर में 225 केंद्रों पर तेज़ी से चल रही धान खरीद

देहरादून। उत्तराखंड में इस वर्ष सहकारिता विभाग की शीर्ष सहकारी संस्था उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा 225 धान क्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान खरीद की जा रही है। राज्य सहकारी संघ के प्रबंध निदेशक श्री आनंद शुक्ल ने बताया कि प्रदेश में धान क्रय कार्य सुचारू रूप से जारी है और अब तक लगभग 2 लाख कुंतल धान की खरीद की जा चुकी है। इस वर्ष 11 लाख 50 हजार कुंतल धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि सहकारिता किसानों की समृद्धि का सबसे भरोसेमंद माध्यम है हमारी प्राथमिकता है कि प्रत्येक किसान को धान का उचित मूल्य मिले और उसका भुगतान 72 घंटे के भीतर सीधे खाते में किया जा रहा है।
श्री शुक्ल ने जानकारी दी कि गढ़वाल मंडल में हरिद्वार में 16 केंद्र और देहरादून में 15 केंद्र, जबकि कुमाऊँ मंडल में उधम सिंह नगर में 180, चंपावत में 2 तथा नैनीताल में 12 केंद्र संचालित हैं।
इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹2,369 प्रति कुंतल (सामान्य धान) और ₹2,389 प्रति कुंतल (ग्रेड ‘A’) निर्धारित किया गया है। धान क्रय कार्य की निगरानी के लिए वरिष्ठ प्रबंधक त्रिभुवन सिंह रावत को राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 225 क्रय केंद्रों पर खरीद प्रारंभ हो चुकी है और अधिकांश किसान अपना धान लेकर केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। दिवाली के बाद धान खरीद में और तेजी आने की संभावना है। सभी केंद्रों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसानों की कोई शिकायत प्राप्त न हो और पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे।

7 4 3
Copyrights 2025, khabrikaka.com ALL RIGHTS RESERVED. SITE DEVELOPED & MANAGED BY WORLD IT DIMENSIONAL SOLUTIONS