उत्तराखंड के प्रख्यात समाजसेवी पद्मश्री डॉ. ललित पाण्डेय का निधन
अल्मोड़ा। उत्तराखंड ने पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास और शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देने वाली एक बड़ी शख्सियत को खो दिया है। पद्मश्री से सम्मानित डॉ. ललित पाण्डेय का शनिवार को 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने अल्मोड़ा स्थित बेस अस्पताल में अंतिम सांस ली। बेहद दुखद संयोग यह रहा कि जिस दिन उनका निधन हुआ, उसी दिन उनका जन्मदिन भी था।
डॉ. ललित पाण्डेय के निधन की खबर से उत्तराखंड में शोक की लहर है। सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
विदेशों के अवसर छोड़ पहाड़ की सेवा को चुना
डॉ. ललित पाण्डेय का जीवन पहाड़ और पहाड़ के लोगों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने आईआईटी दिल्ली, एमआईटी और पर्ड्यू विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से उच्च शिक्षा प्राप्त की थी। उनके पास विदेशों में बेहतर अवसरों के विकल्प थे, लेकिन उन्होंने पहाड़ में रहकर समाज के लिए काम करने का निर्णय लिया।
वर्ष 1984 में अल्मोड़ा लौटने के बाद उन्होंने अपना पूरा जीवन उत्तराखंड के ग्रामीण समाज, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया।
उत्तराखंड सेवा निधि के माध्यम से किया उल्लेखनीय कार्य
डॉ. पाण्डेय ने उत्तराखंड सेवा निधि के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का प्रयास किया। उन्होंने गांवों में शिक्षा के प्रसार, ग्रामीण पुस्तकालयों और बालवाड़ियों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके अलावा महिला सशक्तीकरण, जल संरक्षण, स्वच्छता, वनीकरण, कृषि और ग्रामीण आजीविका जैसे क्षेत्रों में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा।
उनका मानना था कि पहाड़ का विकास पहाड़ में रहकर और स्थानीय समुदायों को साथ लेकर ही संभव है। उन्होंने अपने कार्यों से इस सोच को जमीन पर उतारने का प्रयास किया।
वर्ष 2007 में मिला पद्मश्री सम्मान
समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए वर्ष 2007 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा था। आईआईटी दिल्ली की ओर से भी उन्हें विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान प्रदान किया गया था।
उत्तराखंड ने खोया एक समर्पित समाजसेवी
डॉ. ललित पाण्डेय के निधन पर परिवर्तन पार्टी के अध्यक्ष पीसी तिवारी ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉ. पाण्डेय ने अपना ज्ञान, अनुभव और पूरा जीवन पहाड़ के लोगों के बेहतर भविष्य के लिए समर्पित कर दिया था।
डॉ. ललित पाण्डेय का जाना उत्तराखंड के सामाजिक, शैक्षिक और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। उनके विचार, संघर्ष और जनसेवा के कार्य आने वाली पीढ़ियों को लंबे समय तक प्रेरित करते रहेंगे।