प्रवासी उत्तराखंडियों के अनुभव और विशेषज्ञता से विकास को मिलेगी नई गति: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडियों के अनुभव, ज्ञान, कौशल और संसाधन प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। राज्य के समग्र विकास के लिए सरकार के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने देश-विदेश से पहुंचे प्रवासी उत्तराखंडियों का स्वागत करते हुए कहा कि सम्मेलन में ऐसा महसूस हो रहा है, मानो परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर लौटकर एक साथ एकत्र हुए हों।

30 प्रवासियों ने गोद लिए अपने पैतृक गांव

मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासी उत्तराखंडियों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल अपनी जन्मभूमि के प्रति प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है। इससे अन्य प्रवासी भी अपने गांवों के विकास के लिए आगे आने को प्रेरित होंगे।

35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने राज्य की विकास उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कृषि, बागवानी और औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

3.5 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

महिला सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए जल्द ही प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं तथा भोजन माताओं के मानदेय में जल्द वृद्धि किए जाने की बात भी कही।

हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से छह करोड़ की बिक्री

मुख्यमंत्री ने बताया कि कृषि और बागवानी को रोजगार का मजबूत माध्यम बनाने के लिए एप्पल मिशन, कीवी मिशन और तिमूर मिशन जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है। इससे किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को नए अवसर मिल रहे हैं।

सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई संपर्क सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों की भविष्य की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के लिए सौंग बांध परियोजना पर काम चल रहा है। इसके अलावा जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।

किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर की स्थापना, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और विभिन्न क्षेत्रों में हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

गांवों से जुड़े रहें प्रवासी उत्तराखंडी

मुख्यमंत्री धामी ने प्रवासी उत्तराखंडियों से अपने पैतृक गांवों और संस्कृति से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रवासी शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन, उद्यमिता और स्वरोजगार के क्षेत्र में अपने अनुभव और विशेषज्ञता का योगदान देकर प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बन सकते हैं।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक विनोद चमोली, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और प्रवासी उत्तराखंडियों के सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।