Scholarship Update: छात्रों के लिए बड़ी खबर, इस सरकारी स्कॉलरशिप की आवेदन तारीख बढ़ी
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने छात्रों के लिए बड़ी राहत दी है। राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (NMMSS) के तहत शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। इससे पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने का अतिरिक्त समय मिल गया है।
हर साल मिलती है ₹12,000 की छात्रवृत्ति
NMMSS योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और उन्हें कक्षा 8 के बाद पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।
योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को हर साल ₹12,000 की छात्रवृत्ति दी जाती है। यह राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खाते में DBT के माध्यम से भेजी जाती है।
कक्षा 9 के छात्रों को मिलता है लाभ
इस योजना के तहत हर साल कक्षा 9 में प्रवेश लेने वाले पात्र विद्यार्थियों को नई छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। निर्धारित शैक्षणिक मानदंड पूरे करने पर छात्रवृत्ति को कक्षा 10 से 12 तक जारी रखा जाता है।
कौन कर सकता है आवेदन?
NMMSS के लिए राज्य सरकार, सरकारी सहायता प्राप्त और स्थानीय निकायों के स्कूलों में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए परिवार की वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। चयन परीक्षा में शामिल होने के लिए कक्षा 7 में कम से कम 55 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड जरूरी है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को 5 प्रतिशत अंकों की छूट दी गई है।
31 अक्टूबर तक आवेदन का मौका
जिन पात्र विद्यार्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे 31 अक्टूबर 2026 तक अपना आवेदन पूरा कर सकते हैं। जिन छात्रों ने आवेदन कर दिया है, उन्हें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उनका आवेदन निर्धारित समय में संबंधित अधिकारियों द्वारा सत्यापित हो जाए।
छात्रों को आवेदन करते समय अपने सभी दस्तावेज और व्यक्तिगत जानकारी ध्यानपूर्वक भरनी चाहिए, ताकि सत्यापन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
ध्यान दें
NMMSS के तहत आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करना चाहिए। आवेदन पूरा करने के बाद उसकी स्थिति और सत्यापन प्रक्रिया भी समय-समय पर जांचते रहें।