27 में चुनावी हैट्रिक के संकल्प के साथ भाजपा गढ़वाल संभाग की बैठकें संपन्न

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक के लक्ष्य के साथ भारतीय जनता पार्टी ने गढ़वाल संभाग की तीनों लोकसभा क्षेत्रों में सांसदों, विधायकों और जिलाध्यक्षों के साथ संगठनात्मक एवं चुनावी रणनीति पर व्यापक मंथन किया। प्रदेश मुख्यालय, बलबीर रोड में हुई बैठकों में टिहरी, गढ़वाल और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों की सभी विधानसभाओं के राजनीतिक परिदृश्य, विकास कार्यों और संगठन की स्थिति की समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए। लोकसभावार हुई बैठकों में विधानसभा स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाने तथा आगामी चुनाव को लेकर रणनीति को अंतिम रूप देने पर चर्चा हुई।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने तथा जनता से निरंतर संपर्क बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच मजबूत सेतु हैं। जनता से प्राप्त सुझावों और समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के साथ ही सरकार की योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने का काम भी कार्यकर्ताओं को करना होगा।

मुख्यमंत्री ने मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता करने की अपील भी की।

70 विधानसभा क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति पर मंथन

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि गढ़वाल संभाग की तीनों लोकसभा क्षेत्रों की बैठकों में प्रत्येक विधानसभा के राजनीतिक परिदृश्य पर विस्तृत चर्चा हुई। विधानसभा चुनाव में जीत के लिए आवश्यक कार्यक्रमों, विधायकों के क्षेत्रीय प्रवास और सरकार के स्तर से कराए जा सकने वाले विकास कार्यों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं और पूर्व सैनिकों से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा उनके आयोजन को लेकर भी चर्चा हुई। विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की राजनीतिक परिस्थितियों, जनता की समस्याओं और आवश्यक विकास कार्यों की जानकारी प्रदेश नेतृत्व के सामने रखी।

भट्ट ने कहा कि कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय को और मजबूत किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही मंडल पदाधिकारियों और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के साथ सामूहिक बैठकें भी आयोजित की जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुमाऊं और गढ़वाल संभाग की बैठकों में सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया है।

विकास कार्यों के आधार पर चुनाव लड़ने की तैयारी

गढ़वाल लोकसभा सांसद एवं भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय मीडिया संयोजक अनिल बलूनी ने कहा कि पार्टी हर चुनाव में पूरी मेहनत करती है और इस बार भी पहले से अधिक मेहनत की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी तैयारी विकास आधारित है और उत्तराखंड में पिछले करीब दस वर्षों में हुए विकास कार्य पार्टी का प्रमुख आधार हैं।

बलूनी ने कहा कि उत्तराखंड के विकास को लेकर भाजपा की दीर्घकालिक दृष्टि है और इसी आधार पर पार्टी आगामी चुनाव की तैयारी कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य की जनता विकास कार्यों और सरकार के ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर भाजपा को पुनः समर्थन देगी।

हरिद्वार में पिछली स्थिति से बेहतर प्रदर्शन का दावा

हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि आगामी चुनाव में पार्टी कार्यकर्ता पूरी मेहनत के साथ मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली विधानसभा में हरिद्वार क्षेत्र में भाजपा का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा, लेकिन इस बार पार्टी अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए पूरी ताकत से काम करेगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को अधिक मेहनत और सतर्कता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का संदेश दिया।

जनसंपर्क और जनसेवा अभियानों को मिलेगी गति

बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और अभियानों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक बूथ को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाना और जनता के साथ निरंतर संवाद स्थापित करना पार्टी की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों और विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार और संगठन दोनों की साझा जिम्मेदारी है।

बैठक में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री, विधायक, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, कुंदन परिहार, तरुण बंसल, जिलाध्यक्षों सहित प्रदेश पदाधिकारी एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।