उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर बवाल, निहंग सिखों ने किया उग्र प्रदर्शन

कर्णप्रयाग में हाल ही में हुए विवाद का मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि शुक्रवार को उत्तराखंड-हिमाचल प्रदेश सीमा पर एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। निहंग सिखों के जत्थे ने उत्तराखंड में प्रवेश करने की कोशिश की, जिसके दौरान पुलिस और प्रशासन के साथ लंबे समय तक गतिरोध बना रहा।

जानकारी के अनुसार, कर्णप्रयाग में हुए विवाद के विरोध में निहंग सिखों ने 25 जून को उत्तराखंड पहुंचने का आह्वान किया था। इसके मद्देनज़र शुक्रवार सुबह से ही हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर भारी पुलिस बल एवं पैरामिलिट्री फोर्स तैनात कर दी गई थी।

बताया जा रहा है कि उत्तराखंड में प्रवेश से पहले निहंग सिखों का जत्था पांवटा साहिब गुरुद्वारे में रुका, जहां प्रशासनिक अधिकारियों ने उनसे कई घंटों तक वार्ता की। हालांकि बातचीत का कोई ठोस परिणाम नहीं निकल सका।

इसके बाद देर शाम निहंग सिखों ने कुल्हाल बॉर्डर से उत्तराखंड में प्रवेश करने का प्रयास किया। प्रशासन ने उन्हें समझाकर वापस भेज दिया, लेकिन कुछ समय बाद उन्होंने हाईवे के रास्ते दोबारा राज्य में प्रवेश की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया।

स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारियों ने कथित रूप से तलवारें और कृपाण लहराते हुए उग्र प्रदर्शन किया तथा बैरिकेडिंग तोड़कर उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश कर गए। इस दौरान हाईवे पर खड़े कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते हुए देहरादून की ओर रवाना हो गए।

फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। घटना को लेकर प्रशासन या पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है।