बीएलओ के साथ अभद्रता पर निर्वाचन आयोग सख्त, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। जनपद देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के दौरान एक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के साथ हुई अभद्रता के मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि किसी भी बीएलओ के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा अभद्रता या दुर्व्यवहार की घटना सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने कहा कि वर्तमान में राज्यभर में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारी पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल सरकारी कर्मचारियों के कार्य में बाधा उत्पन्न करती हैं, बल्कि फील्ड स्टाफ के मनोबल को भी प्रभावित करती हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इसमें लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा तथा सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी मतदाताओं और नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में तैनात बीएलओ और अन्य फील्ड स्टाफ का सहयोग करें तथा निर्वाचन संबंधी कार्यों को सुचारु रूप से संपन्न कराने में अपनी सहभागिता निभाएं।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धीकरण और अद्यतन की प्रक्रिया लोकतंत्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए सभी नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है।