मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन योजना से मिली सफलता: टिहरी की सपना राणा को जर्मनी में नर्स की नौकरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को टिहरी गढ़वाल की युवती सपना राणा ने शिष्टाचार भेंट की। राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त करने और भाषा परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने के बाद सपना राणा का चयन जर्मनी के हैमबर्ग स्थित शॉन क्लीनिक अस्पताल में नर्स के पद पर हुआ है। उन्हें प्रतिमाह 3060 यूरो (लगभग 3.30 लाख रुपये) वेतन प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सपना राणा को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को वैश्विक रोजगार अवसरों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत गठित विदेश रोजगार प्रकोष्ठ युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न देशों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में विदेश रोजगार प्रकोष्ठ के माध्यम से युवाओं को जापान और जर्मनी में रोजगार के लिए भाषा प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और अब तक लगभग 65 युवाओं को जापान में रोजगार के अवसर प्राप्त हो चुके हैं।

कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विदेश रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा जर्मन भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण का लाभ उठाकर टिहरी गढ़वाल की नर्सिंग प्रशिक्षित युवती सपना राणा का जर्मनी में नर्स के रूप में चयन हुआ है, जो राज्य के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

सपना राणा ने अपनी स्कूली शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, पोखाल (टिहरी गढ़वाल) से प्राप्त की है। इसके बाद उन्होंने स्टेट नर्सिंग कॉलेज, देहरादून से नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की। राज्य सरकार की योजना के अंतर्गत जर्मन भाषा का प्रशिक्षण हासिल करने के बाद उन्हें हैमबर्ग स्थित शॉन क्लीनिक अस्पताल में नियुक्ति मिली है।

इस अवसर पर सचिव सी. रविशंकर भी उपस्थित रहे। राज्य सरकार की यह पहल युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार अवसरों से जोड़ने और उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।