होली रंग महोत्सव को लेकर महिलाओं की तैयारी जोरों पर

चंपावत जिले के लोहाघाट के प्रसिद्ध होली रंग महोत्सव को लेकर पाटन पाटनी ग्राम पंचायत की मां झूमाधूरी  समूह की महिलाओं की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। आज शनिवार को पाटन पाटनी ग्राम पंचायत की महिलाओं ने समूह अध्यक्ष भारती महरा व उपाध्यक्ष लता खर्कवाल के नेतृत्व में लोहाघाट ब्लॉक कार्यालय प्रांगण में शानदार कुमाऊनी खड़ी होली का गायन किया। समूह अध्यक्ष भारती महरा ने बताया पहली बार पाटन पाटनी की महिलाओं की होली टीम लोहाघाट के रामलीला मैदान में होने जा रहे प्रसिद्ध होली रंग महोत्सव में प्रतिभाग करने जा रही हैं ।जिसके लिए महिलाओं की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है ।उन्होंने कहा टीम में ग्राम सभा की 60 महिलाएं हैं। जिनमें काफी उत्साह है। उन्होंने कहा पाटन पाटनी की महिला टीम होली रंग महोत्सव में शानदार प्रदर्शन करेंगी । कहा होली रंग महोत्सव  में प्रतिभाग करने के लिए युवा ग्राम प्रधान नीतू विश्वकर्मा का भी उन्हें भरपूर सहयोग मिल रहा है। समस्त महिलाओं ने होली रंग महोत्सव में मंच प्रदान करने के लिए कमेटी अध्यक्ष जीवन सिंह मेहता को धन्यवाद दिया। वही होली रंग महोत्सव के अध्यक्ष जीवन सिंह मेहता ने कहा 26 व 27 फरवरी को लोहाघाट के रामलीला मंच में होली रंग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों की होलियारों की टीम प्रतिभाग करेंगी कहा महोत्सव का उद्देश्य अपनी धरोहर व संस्कृति को बचाकर रखना है। मालूम हो लोहाघाट का होली रंग महोत्सव पूरे देश व प्रदेश में प्रसिद्ध है जिसमें विभिन्न टीमों के द्वारा एक से बढ़कर एक कुमाऊनी खड़ी होली का गायन किया जाता है। जिसे देखने के लिए हजारों लोग पहुंचते हैं। लोगों को होली रंग महोत्सव का इंतजार रहता है।