मसूरी में अटल उद्यान का भव्य लोकार्पण, अटल जी की आदमकद मूर्ति का अनावरण
मसूरी के ऐतिहासिक कंपनी गार्डन का नाम बदलकर अटल उद्यान किए जाने के अवसर पर भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद मूर्ति का भव्य अनावरण किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने संयुक्त रूप से मूर्ति का अनावरण किया। इस दौरान “अटल जी अमर रहें” के नारों से पूरा उद्यान गूंज उठा।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण अटल बिहारी वाजपेई की दूरदर्शिता का परिणाम है। अंग्रेजी शासनकाल के नाम कंपनी गार्डन को बदलकर अटल उद्यान किया जाना गुलामी के प्रतीकों के अंत और राष्ट्रनायकों के सम्मान का प्रतीक है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि देशभर में गुलामी से जुड़े नाम बदले जा रहे हैं और महान विभूतियों के नामों से ऐतिहासिक स्थलों की पहचान बनाई जा रही है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ही तय करती है कि कौन राम के वंशज हैं और देवभूमि की जनता बार-बार राम के नाम पर विश्वास जता चुकी है।
उन्होंने मतदाता सूची के शुद्धिकरण, आगामी जनगणना और “मेरी गणना, मेरा गांव” योजना की जानकारी देते हुए प्रवासियों से अपने गांव में नाम दर्ज कराने की अपील की। साथ ही संकेत दिए कि प्रदेश में शीघ्र ही मंत्रिमंडल विस्तार होगा।