Uttarakhand Panchayat Chunav Result : गांव की सरकार का हुआ गठन, अब तक घोषित हुए 9688 परिणाम

Uttarakhand Panchayat Chunav Results: प्रदेश के 12 जिलों में हुए त्रिस्तरीय पंचायतों के लिए जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान के कुल 10831 पदों के लिए हुए चुनाव के परिणाम आने शुरू हो गए हैं। खबर लिखे जाने तक 9688 पदों के परिणाम आ चुके थे। इनमें से जिला पंचायत के 358 पदों में से 218, क्षेत्र पंचायत के 2974 पदों में से 2530 और ग्राम प्रधानों के 7499 पदों में से 6940 पदों के परिणाम घोषित किए जा चुके थे। देर रात तक मतगणना जारी थी। इसके शुक्रवार दोपहर तक चलने की संभावना है। त्रिस्तरीय ग्राम पंचायतों में 55,587 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए भी चुनाव हुए लेकिन इनका आंकड़ा आयोग की वेबसाइट पर जारी नहीं किया गया।

प्रदेश में इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव दो चरणों में कराए गए थे। इनमें कुल 69.16 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें पुरुषों की तुलना में महिलाओं का मतदान प्रतिशत अधिक रहा। पुरुषों ने 64.23 प्रतिशत और महिलाओं ने 74.42 प्रतिशत वोट डाले।

गुरूवार सुबह आठ बजे प्रदेश के सभी विकासखंड मुख्यालयों पर मतों की गणना शुरू हुई। चूंकि मतदान बैलेट से कराए गए थे इसलिए परिणाम आने में समय लग रहा है। नौ बजे से परिणाम आने शुरू हो गए थे। इसके साथ ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने मतगणना केंद्रों के बाहर मिष्ठान वितरण करने के साथ ही अबीर-गुलाल उड़ा कर जश्न मनाना शुरू कर दिया था। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। मतगणना का पहला चरण रात आठ बजे समाप्त हुआ। आठ बजे दूसरी शिफ्ट के कर्मचारियों ने मतगणना का कार्य शुरू किया। मतगणना देर रात तक चल रही थी।