शुक्रवार सुबह आपदा राहत बचाव कार्य पुनः शुरू किया गया
धराली-हर्षिल आपदा: हेलीकॉप्टर से लगातार जारी रेस्क्यू अभियान, 470 से अधिक लोग सुरक्षित
धराली-हर्षिल क्षेत्र में आई आपदा के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। हेलीकॉप्टर के माध्यम से फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालकर मतली हेलीपैड लाया जा रहा है, जहाँ से उन्हें सकुशल उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
शुक्रवार को पुनः शुरू किए गए राहत-बचाव अभियान के तहत सुबह 7:15 बजे तक 6 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित मतली हेलीपैड पहुंचाया गया। इससे पहले, कल तक कुल 470 लोगों को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित मतली लाकर उनके घर भेजा जा चुका है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सुबह मतली हेलीपैड पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।