ग्रेजुएट बनी आंगनबाड़ी सहायिका व कार्यकर्ता, 236 को मिले नियुक्ति पत्र
जिला कार्यालय सभागार चम्पावत में आज आयोजित आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में कुल 236 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इनमें 20 आंगनवाड़ी कार्यकत्री तथा 216 आंगनवाड़ी सहायिकाएं शामिल रहीं।कार्यक्रम की मुख्य अध्यक्षता हरिद्वार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मा. महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रेखा आर्य द्वारा की गई। जिला सभागार में स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता दर्जा राज्य मंत्री एवं उपाध्यक्ष, वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति श्याम नारायण पांडे व जिलाधिकारी नवनीत पांडे द्वारा की गई।इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने नियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई दी और मातृ शक्ति के सशक्तिकरण को सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक अहम कदम बताया।जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) पीएस बृजवाल ने बताया कि कुल 344 स्वीकृत पदों के सापेक्ष 236 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।चयनित अभ्यर्थियों में चम्पावत ब्लॉक से 88, लोहाघाट से 52, पाटी से 60 तथा बाराकोट ब्लॉक से 36 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने बताया कि कुछ पदों पर प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण प्रचलित है। उनके समाधान के उपरांत संबंधित पदों पर भी नियुक्ति की जाएगी। शेष रिक्त पदों के लिए शीघ्र ही नई चयन प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी, ताकि आंगनवाड़ी सेवाओं को और अधिक सशक्त एवं व्यापक बनाया जा सके। आंगनबाड़ी सहायिका/ कार्यकृतियों के लिए नियुक्ति पत्र लेने वालो में कई महिलाएं व युवतिया ग्रेजुएट व पोस्ट ग्रेजुएट क्वालीफाई है। उन्होंने नियुक्ति पत्र के लिए सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा सपने तो उन लोगों के कुछ और थे। परंतु परिस्थिति वश व अन्य कारणों से उनके सपने पूरे नहीं हो पाए। कहा उन्हें जो सरकार की ओर से जिम्मेदारी दी गई है उसका वह पूरी ईमानदारी से निर्वहन करेंगी तथा क्षेत्र के नोनिहालों का भविष्य बनाने में अपना पूरा सहयोग देंगी ।नियुक्ति समारोह में पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष निर्मल मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ० जीएस खाती, बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेंद्र बिष्ट, बाल विकास विभाग के अधिकारी/कर्मचारी चयनित महिलाएं व अन्य उपस्थित रहे।