राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कसार देवी मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल(रिटार्यड) गुरमीत सिंह ने अल्मोड़ा जिले के दौरे के दूसरे दिन आज प्रसिद्ध कसार देवी मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की तथा समस्त मानव कल्याण की कामना की। राज्यपाल ने यहां ध्यान भी लगाया और इस शांत एवं दिव्य स्थान की प्रशंसा की। इस दौरान राज्यपाल ने कहा यहां आकर एक अलग ही सुकून और शांति का अहसास होता है। यह स्थान अपने आप में बहुत अलौकिक है। यहां की दिव्यता एवं शांति लोगों को आकर्षित करने वाली है। स्वामी विवेकानंद जैसे महान व्यक्तित्व ने यहां आकर ध्यान लगाया था, यह इस क्षेत्र की दिव्यता, आध्यात्मिकता का प्रमाण है। यहां की प्राचीन परंपराएं एवं गाथाएं मंत्रमुग्ध कर देने वाली हैं। उन्होंने देश विदेश के पर्यटकों से अपील की है कि यहां जरूर आएं और इस स्थान की दिव्यता का अनुभव करें।