उत्तराखंड प्रीमियर लीग का रंगारंग आगाज, सीएम धामी समेत बॉलीवुड सेलिब्रिटी सोनू सूद रहे मौजूद
देहरादून: राजधानी के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में उत्तराखंड प्रीमियर लीग की शुरुआत हो गई है. उत्तराखंड प्रीमियर लीग के पहले दिन हरिद्वार स्प्रिंग एल्मास टीम और देहरादून वॉरियर के बीच मैच शुरू हो गया है. हरिद्वार स्प्रिंग एल्मास टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया, जिससे देहरादून वॉरियर बल्लेबाजी करेंगी.
मैच शुरू होने से पहले ग्राउंड में मुख्य अतिथि के तौर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी, खेल मंत्री रेखा आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक उमेश शर्मा काऊ, पूर्व खेल मंत्री अरविंद पांडे के अलावा अन्य राजनीति से जुड़े लोग मौजूद रहे. बॉलीवुड से आए सेलिब्रिटी की बात की जाए तो मशहूर एक्टर सोनू सूद और भोजपुरी सिंगर मनोज तिवारी की उपस्थिति में टॉस किया गया.
बॉलीवुड सिंगर बी प्राक की दमदार परफॉर्मेंस से स्टेडियम में मौजूद सभी दर्शक झूमते नजर आए. इस मौके पर देहरादून क्रिकेट स्टेडियम खूब भरा हुआ दिखाई दिया.