गैरसैंण : पिंडवाली में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर
गैरसैंण ब्लाक के सीमांत गांव पिंडवाली में शुक्रवार को आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में मुख्य विकास अधिकारी नदंन कुमार ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी। शिविर में ग्रामीणों की 45 समस्या और शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर निस्तारण किया गया। शिविर में 275 से अधिक लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच के साथ ही मौके पर 03 दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए। विभागीय स्टॉल के माध्यम से विविध प्रमाण पत्र मौके पर जारी करने के साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर स्थानीय जनता को लाभान्वित किया गया। सीमांत गांव पिंडवाली में पहली बार बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित होने पर क्षेत्र वासियों आभार व्यक्त करते हुए मुख्य विकास अधिकारी का स्वागत किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी समस्या और शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों को गंभीरता लेकर समय पर उनका निस्तारण किया जाए। किसी भी स्तर पर कोई भी शिकायत लंबित न रहे। पिंडवाली गांव में मोबाइल नेटवर्क न होने की सबसे बडी समस्या पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान कराया जाएगा। पीएम आवास के लिए सबसे अधिक आवेदन को देखते हुए उन्होंने खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि पीएम आवास के लिए होने वाले सर्वे में सभी पात्र लोगों को चिन्हित किया जाए। इस दौरान उन्होंने शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।