बजरंग सेतु के कांच में दरार, आवाजाही रोकी गई

ऋषिकेश। लक्ष्मण झूला के पास बने बजरंग सेतु में लगे कांच के एक पैनल में दूसरी बार दरार आने के बाद एहतियात के तौर पर कांच पुल पर आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। पुल का अभी औपचारिक उद्घाटन नहीं हुआ है, लेकिन स्थानीय लोग और पर्यटक इस पर आवाजाही कर रहे थे।

लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए गए इस पुल की लंबाई 132 मीटर है।

पुल की मुख्य लेन डामर की बनाई गई है, जबकि दोनों किनारों पर कांच के पैदल मार्ग बनाए गए हैं। शुक्रवार को कांच के एक हिस्से में दरार देखे जाने के बाद विभाग ने तुरंत उस हिस्से को बंद कर दिया। प्रशासन का कहना है कि कांच की स्थिति की तकनीकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई और मरम्मत का काम किया जाएगा। फिलहाल सुरक्षा को देखते हुए कांच वाले हिस्से पर लोगों की आवाजाही बंद कर दी गई है।

पर्यटन आकर्षण के रूप में बनाया गया पुल

ऋषिकेश में पुराने लक्ष्मण झूला के बंद होने के बाद गंगा पार आवागमन के लिए वैकल्पिक पुलों की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए बजरंग सेतु का निर्माण किया गया। इस पुल को आधुनिक डिजाइन के साथ तैयार किया गया है, जिसमें कांच के पैदल मार्ग भी बनाए गए हैं ताकि पर्यटक गंगा और आसपास के दृश्य का आनंद ले सकें। हालांकि उद्घाटन से पहले ही कांच के एक हिस्से में दरार आने से सुरक्षा और निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

7 7 1
Copyrights 2025, khabrikaka.com ALL RIGHTS RESERVED. SITE DEVELOPED & MANAGED BY WORLD IT DIMENSIONAL SOLUTIONS