मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने खटीमा पहुंचकर उत्तरायणी कौतिक मेले में की शिरकत

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत दौरे से वापस खटीमा पहुंचकर तराई बीज विकास निगम के परिसर में चल रहे सात दिवसीय उत्तरायणी कौतिक मेले में शिरकत की। जहां कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान मंच के कार्यकर्ताओं ने उनको उत्तराखंड की संस्कृति से जुड़े हुए प्रतीक चिन्हों को भेंट कर और शाल ओढ़ाकर कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में उत्तरायणी कौतिक मेले की शुभकामनाएं तथा घुघुतिया, मकर संक्रांति व लोहड़ी पर्व की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं समस्त क्षेत्र वासियों व प्रदेशवासियों को दिया। 
उन्होंने कहा कि खटीमा में जब से कौतिक मेला प्रारंभ हुआ है तब से इस मेले में प्रतिभाग करते रहे हैं इस मेले से उनका भावनात्मक जुड़ाव है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तरायणी कौतिक मेले में नृत्य, गायन व अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से जहां कलाकारों को बेहतर मंच मिलता है वहीं उत्तराखंड की लोक कलाएं, पारंपरिक गीत भी लगातार भावी पीढ़ी तक पहुंच रही है। यह उत्तरायणी कौतिक मेला लगातार अपनी संस्कृति को आगे बढ़ने का काम कर रहा है तथा भावी पीढ़ी को भी इससे जोड़ रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि पूरे उत्तराखंड में विकास के तमाम बड़े-बड़े काम हो रहे हैं तथा जनहित में ऐतिहासिक निर्णय भी लिए जा रहे हैं। ऐतिहासिक निर्णय तथा विकास के मामले या नवाचार करने सहित हर क्षेत्र में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज सतत विकास के लक्ष्य को प्राप्त करना हो या भारत सरकार के नीति आयोग की रीडिंग हो या उसका इंडेक्स हो उत्तराखंड पूरे रेस में प्रथम पायदान पर है। बेरोजगारी दर में 4.4% कमी लाकर राष्ट्रीय औसत को भी पीछे छोड़ दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के साथ ही निश्चित रूप से खटीमा का विकास भी रुकने नहीं दूंगा। विकास तेजी से आगे बढ़ने का काम करूंगा। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर विकास के कार्यों को अवरुद्ध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि खटीमा सहित पूरे प्रदेश के विकास में कोई बाधा नहीं आने देंगे। उन्होंने कहा की मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी सरकार द्वारा विकल्प रहित संकल्प के अपने मूल मंत्र के साथ किए जा रहे सभी विकास कार्यों को पूरा करने में आपका आशीर्वाद व सहयोग इसी प्रकार से लगातार मिलता रहेगा।

1 0
Copyrights 2025, khabrikaka.com ALL RIGHTS RESERVED. SITE DEVELOPED & MANAGED BY WORLD IT DIMENSIONAL SOLUTIONS