मुख्यमंत्री धामी ने खेल विकास को लेकर केंद्रीय मंत्री से की मुलाकात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से भेंट कर उत्तराखण्ड में खेलों के व्यापक विकास, उच्च स्तरीय खेल अवस्थापना निर्माण तथा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण व सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे।
इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध भी किया।

मुख्यमंत्री ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन में केंद्र सरकार द्वारा मिले सहयोग के लिए प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस खेल महाकुंभ ने उत्तराखण्ड को नई पहचान दी है और राज्य को ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री से अल्मोड़ा के डीनापानी में उच्च स्तरीय खेल सुविधा की स्थापना, देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आइस स्केटिंग रिंग का संचालन, नई टिहरी में साहसिक प्रशिक्षण केंद्र का उच्चीकरण, चंपावत के महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में इंडोर आर्टिफिशियल रॉक क्लाइम्बिंग सुविधा तथा राज्य के 95 विकासखण्डों में बहुउद्देशीय क्रीड़ाहॉल निर्माण जैसे प्रस्तावों को स्वीकृति देने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखण्ड में राज्य का प्रथम खेल विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है, जो खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ खेल से संबंधित शैक्षणिक कोर्सेज़ की सुविधा भी उपलब्ध कराएगा। उन्होंने इसे अग्रणी खेल संस्थान के रूप में विकसित करने हेतु केंद्र सरकार से आर्थिक सहयोग की मांग की।

केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया ने मुख्यमंत्री को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

8 9
Copyrights 2025, khabrikaka.com ALL RIGHTS RESERVED. SITE DEVELOPED & MANAGED BY WORLD IT DIMENSIONAL SOLUTIONS