चमोली : मैठाणा को मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने की कवायद शुरू
बद्रीनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित दशोली ब्लाक का मैठाणा गांव जल्द ही मॉडल विलेज के रूप में सामने आएगा। जिला प्रशासन ने मैठाणा गांव को मॉडल विलेज बनाने की पहल शुरू कर दी है। यहां पर स्थानीय लोगों की आजीविका संवर्धन के साथ तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों के लिए सभी सुख सुविधाओं को विकसित किया जाएगा।
जिलाधिकारी संदीप तिवारी एवं मुख्य विकास अधिकारी नदंन कुमार ने शनिवार को तमाम विभागीय अधिकारियों के साथ मैठाणा गांव का भ्रमण किया और वहां पर मौजूद संसाधनों और सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए स्थानीय लोगों के सुझाव लिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बद्रीनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित होने के कारण मैठाणा गांव में आजीविका संवर्धन की अपार संभावनाएं है। यहां पर तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाओं को जुटाते हुए यात्रा का एक प्रमुख पडाव बनाने का प्रयास किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि हमारा फोकस स्थानीय लोगों की आजीविका बढ़ाने पर रहेगा। उन्होंने स्थानीय लोगों को पर्यटन विभाग के सहयोग से पहाड़ी शैली में होम स्टे बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।